दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता( CM Rekha Gupta) सरकार ने मंगलवार को अपना वार्षिक बजट पेश करते हुए कई बड़े ऐलान किए। इस बजट में अनधिकृत कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। करीब 1 लाख करोड़ रुपये के इस बजट में परिवहन क्षेत्र को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी गई है। मेट्रो नेटवर्क के विस्तार, इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना को सरकार ने अपनी प्रमुख उपलब्धियों के रूप में पेश किया। इसके साथ ही 100% बिजली कवरेज, 93.5% घरों तक पाइप्ड पानी और बढ़ते हरित क्षेत्र को भी खास तौर पर रेखांकित किया गया। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का दावा भी बजट में किया गया है।
छात्राओं और मेधावी छात्रों के लिए खास पहल
सीएम रेखा गुप्ता ने स्कूली बच्चों के लिए नई परिवहन योजना की घोषणा की। उन्होंने बताया कि दिल्ली के स्कूलों में पढ़ रही लगभग 1.30 लाख छात्राओं (कक्षा 9वीं से ऊपर) को साइकिल दी जाएगी, ताकि वे आसानी से स्कूल आ-जा सकें। इसके लिए 90 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। वहीं, 10वीं कक्षा के मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए मुफ्त लैपटॉप देने की योजना भी शुरू की जाएगी, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
‘अनमोल योजना’ से नवजातों को मिलेगा लाभ
सरकार ने नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ‘अनमोल योजना’ की शुरुआत की है। इस योजना के तहत दिल्ली के अस्पतालों में जन्म लेने वाले हर बच्चे के 56 तरह के मेडिकल टेस्ट मुफ्त किए जाएंगे। इसके लिए 25 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। साथ ही, डिजिटल ब्लड बैंक और डोनर डेटा तैयार किया जाएगा और रियल-टाइम वेंटिलेटर ट्रैकिंग सिस्टम विकसित किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद मरीजों को तुरंत आईसीयू बेड की जानकारी मिल सके।
दिल्ली में खुलेगा पहला सैनिक स्कूल
बजट में राजधानी में पहला सैनिक स्कूल खोलने की घोषणा भी की गई है। अब तक दिल्ली में कोई सैनिक स्कूल नहीं था, ऐसे में यह कदम छात्रों को सैन्य शिक्षा और अनुशासन की दिशा में नई राह देगा।