Delhi: न्यू उस्मानपुर में 32 साल के रेस्तरां मालिक की गोली मारकर हत्या

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में अज्ञात हमलावरों ने 32 साल के एक रेस्तरां मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को ये जानकारी दी।

मृतक की पहचान संजय सिंह के रूप में हुई है। उनपर तब हमला किया गया जब वे रेस्टोरेंट से मंगलवार आधी रात को घर जा रहे थे।

बता दें कि संजय सिंह पर पहले से ही हत्या का एक मामला दर्ज है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक कि मृतक संजय सिंह को सड़क पर घायल हालात में पड़े हुए उसके दोस्त ने सबसे पहले देखा था इसकी जानकारी उन्होंने संजय सिंह के छोटे भाई नितिन को दी थी। नितिन डेयरी चलाने का काम करता है।

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि, सड़क पर खून से लथपथ पड़े संजय सिंह को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया साथ ही पुलिस के मुताबिक, वारदात की जगह पर गोलियों के सात खाली खोल भी बरामद हुए हैं।

एक अधिकारी ने कहा कि संजय सिंह पर रविंदर नाम के एक शख्स की हत्या के सिलसिले में पहले मामला दर्ज किया गया था। दोनों एक ही इलाके में रहते थे।

फिलहाल पुलिस संजय सिंह की हत्या करने वाले आरोपितों की पहचान करने में जुटी हुई है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को स्कैन किया जा रहा है। आरोपितों की तलाश जारी है।