दिल्ली: महिला पर चाकू से हमला करने के आरोप 22 वर्षीय एक व्यक्ति गिरफ्तार

उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में एक महिला पर चाकू से हमला करने के आरोप में 22 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह कथित घटना शुक्रवार देर रात हुई और आरोपी को अगले दिन गिरफ्तार कर लिया गया।

सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में व्यक्ति महिला के पीछे भागते और उस पर चाकू से कई बार हमले करते दिख रहा है। यह फुटेज सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुई।

फुटेज में कुछ लोग महिला की मदद करने और उस आदमी को काबू करने की कोशिश करते भी दिख रहे हैं, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘महिला को गंभीर चोट नहीं आई है। हमने अमन नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।’’

पुलिस सूत्रों ने बताया कि अमन ने महिला द्वारा उसका मजाक उड़ाए जाने के बाद आपा खो दिया।

सूत्र ने कहा, ‘‘हमें पता चला कि उस आदमी को एक फल विक्रेता से चाकू मिला। वह लड़की के पीछे भागा और उसे चाकू मार दिया। कुछ राहगीरों ने पीड़िता को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।’’