हरियाणा की 8 लोकसभा सीट के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी किए घोषित

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को हरियाणा की आठ लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवार घोषित किए, जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा और राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा प्रमुख नाम हैं। सैलजा को सिरसा से और दीपेंद्र हुड्डा को रोहतक से प्रत्याशी बनाया गया है।

वहीं, पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, उसने हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा को करनाल लोकसभा क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा है। अंबाला से वरुण चौधरी, हिसार से जयप्रकाश, भिवानी- महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह, सोनीपत से सतपाल ब्रह्मचारी और फरीदाबाद से महेंद्र प्रताप को पार्टी का टिकट दिया गया है।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके विरोधी गुट में शामिल माने जाने वाले नेताओं के बीच लंबी खींचतान और पार्टी में गहन मंत्रणा बाद हरियाणा के लिए पार्टी ने उम्मीदवारों की घोषणा की है। हालांकि अब भी गुरुग्राम के लिए पार्टी ने प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।

कांग्रेस हरियाणा में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस नौ सीट पर और आम आदमी पार्टी कुरुक्षेत्र की एकमात्र लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही है। हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर 25 मई को मतदान होगा और मतगणना चार जून को होगी।