उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली से पहले प्रदेश के कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी सरकारी कर्मियों को त्योहार से पहले ही वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे बिना किसी आर्थिक चिंता के होली का पर्व मना सकें।
सरकार की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्सिंग कर्मी, संविदा कर्मचारी, सफाईकर्मी और अन्य वेतनभोगी भी इस व्यवस्था के दायरे में आएंगे। भुगतान में किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
28 फरवरी तक वेतन जारी करने के निर्देश
जानकारी के मुताबिक, 1 मार्च को रविवार का अवकाश रहेगा, 2 मार्च को होलिका दहन के कारण सार्वजनिक छुट्टी घोषित है और 4 मार्च को होली का अवकाश रहेगा। इन लगातार छुट्टियों को देखते हुए सरकार ने निर्देश दिया है कि फरवरी माह का वेतन 28 फरवरी तक हर हाल में जारी कर दिया जाए। साथ ही पेंशनधारियों को भी समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान किसी को पैसों की कमी न हो।
होली की छुट्टी में बदलाव
इस बार अवकाश व्यवस्था में भी संशोधन किया गया है। 28 फरवरी (शनिवार) को निर्धारित अवकाश को निरस्त कर उसे कार्यदिवस घोषित किया गया है। इसके बदले 3 मार्च को कर्मचारियों को अवकाश दिया जाएगा। इस प्रकार 2 मार्च (होलिका दहन), 3 मार्च और 4 मार्च (होली) को लगातार तीन दिन की छुट्टी रहेगी।
प्रदेश सरकार ने बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग से जुड़े विद्यालयों व कार्यालयों में भी होली से पहले मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी की ओर से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।