पूर्व CM प्रकाश सिंह बादल के निधन पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जताया दुख, बोले- ‘वह भारत के नेल्सन मंडेला थे’

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन से सिर्फ पंजाब में ही नहीं बल्कि देश के कई हिस्सों में शोक की लहर है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत हरियाणा के कई नेताओं ने भी दुख जताया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रकाश सिंह बादल के निधन पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि उनका निधन होना भारतीय राजनीति के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। देश की राजनीति के इतिहास में उनका नाम स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। वे उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

PM मोदी ने पूर्व CM को नेल्सन मंडेला के रूप में किया था वर्णित

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शोक जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में प्रकाश सिंह बादल को ‘स्वतंत्र भारत के नेल्सन मंडेला’ के रूप में वर्णित किया था। उन्होंने कहा था कि बादल भारत के नेल्सन मंडेला हैं। बादल साहब जैसे लोगों का एकमात्र अपराध यह है कि उनके राजनीतिक विचार सत्ता में बैठे लोगों से अलग थे।

हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भी प्रकाश सिंह बादल के निधन पर दुख जताया है उन्होंने शोक प्रकट करते हुए कहा कि राजनीति के पुरोधा, महान स्वतंत्रता सैनानी, मेरे परदादा जी के साथी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय प्रकाश सिंह बादल साहब के निधन से हमें गहरा दुःख पहुंचा है।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रकाश सिंह बादल के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में निवास दें व शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करें!