इनेलो नेता नफे सिंह की हत्या की सीबीआई जांच कराई जाए-कांग्रेस

कांग्रेस ने इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या को राज्य की ‘‘पहली राजनीतिक हत्या’’ करार देते हुए सोमवार को प्रदेश सरकार पर प्रहार किया।

मुख्य विपक्षी दल ने मामले की जांच या तो उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से या उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग भी की।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रघुवीर सिंह कादियान ने कहा कि राठी की मौत कोई साधारण घटना नहीं है। कादियान ने विधानसभा में कहा, ‘‘ यह एक राजनीतिक हत्या है और अलग राज्य (1966 में) बनने के बाद हरियाणा में इस तरह की पहली घटना है।’’

मुख्यमंत्री मनोहर लाल और कई अन्य सदस्यों ने राठी को भी श्रद्धांजलि दी।