BRS विधायक लस्या नंदिता की तेलंगाना में सड़क हादसे में हुई मौत

BRS विधायक लस्या नंदिता की तेलंगाना में सड़क हादसे में हुई मौत

तेलंगाना में विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (BRS) की नेता एवं विधायक जी. लस्या नंदिता की शुक्रवार को पाटनचेरू में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि नंदिता जिस कार में यात्रा कर रही थीं वह शुक्रवार सुबह साढ़े 5 बजे आउटर रिंग रोड (ओआरआर) पर सड़क किनारे लगे धातु के अवरोधक से टकरा गई, जिसके कारण उनकी मौत हो गई।

उसने बताया कि इस हादसे में कार चालक घायल हो गया है। सिकंदराबाद छावनी (एससी) से विधायक नंदिता (36) को एक अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नंदिता पहली बार विधायक चुनी गई थीं।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, बीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी और तेलंगाना के कई मंत्रियों एवं नेताओं ने युवा विधायक की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया।

रेवंत रेड्डी ने लस्या नंदिता की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए उनके दिवंगत पिता जी. सयाना के साथ अपने करीबी संबंधों को याद किया।

उन्होंने कहा कि यह दुखद है कि सयाना का पिछले साल फरवरी में निधन हुआ था और इस साल उसी महीने में लस्या नंदिता की भी अचानक मृत्यु हो गई।

नंदिता के पिता सयाना BRS विधायक थे। उनका पिछले साल फरवरी में खराब स्वास्थ्य के कारण निधन हो गया था। नंदिता ने BRS के टिकट पर हाल में तेलंगाना विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी।

BRS अध्यक्ष चंद्रशेखर राव ने नंदिता के आकस्मिक निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि विधायक के रूप में लस्या नंदिता ने लोगों की सराहना हासिल की थी।

चन्द्रशेखर राव ने कहा कि BRS पार्टी इस कठिन समय में उनके परिवार के सदस्यों के साथ खड़ी रहेगी। भाजपा नेता किशन रेड्डी ने कहा कि यह दुखद है कि लस्या नंदिता और उनके पिता की एक साल के भीतर मृत्यु हो गई।

उन्होंने कहा कि लस्या नंदिता ने पहले ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (JHMC) में पार्षद के रूप में काम किया था और उनका उज्ज्वल भविष्य था।

इस बीच, पुलिस ने कहा कि वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि दुर्घटना कैसे हुई।

लस्या नंदिता इस साल 13 फरवरी को नलगोंडा में BRS द्वारा आयोजित एक सार्वजनिक बैठक में भाग लेने के बाद हैदराबाद लौटते समय दुर्घटना का शिकार हो गई थीं। उस समय उन्हें मामूली चोटें आई थीं और एक होम गार्ड की मौत हो गई थी।