भाजपा हरियाणा में सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत दर्ज करेगी: CM मनोहर लाल

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत दर्ज करके इतिहास रचेगी।

यहां पार्टी कार्यालय ‘गुरु कमल’ में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए ‘ऐतिहासिक कार्यों’ की चर्चा पूरी दुनिया में होती है।

मुख्यमंत्री राज्य की सभी 90 विधानसभाओं में लोकसभा चुनाव कार्यालयों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी संभवत: 11 मार्च को द्वारका एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने के लिए गुरुग्राम आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने संभावना जताई कि 12 मार्च के आसपास लोकसभा चुनाव की घोषणा हो जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन प्रक्रिया भी संभवत: अगले चार से पांच दिनों में पूरी हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘देश में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने का माहौल बन गया है और जनता अबकी बार ‘400 पार’ का नारा लगा रही है।’’