अनुराग ठाकुर ने विपक्षी दलों पर अलग-अलग घोषणा पत्र जारी करने को लेकर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) नेता अनुराग ठाकुर ने रविवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इसे गठबंधन कैसे कहा जा सकता है जब घटक दल अपना अलग-अलग चुनावी घोषणापत्र जारी कर रहे हैं।

उन्होंने एक बयान में आरोप लगाया कि इस समूह में ‘‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’’ के सदस्य शामिल हैं।

उन्होंने कहा,‘‘ममता बनर्जी गठबंधन से अलग लड़ रही हैं और अपना अलग घोषणापत्र जारी किया है। तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव ने भी ऐसा ही किया है। फिर इसे गठबंधन कैसे कहा जा सकता है? यह देश को गुमराह करने की राजनीति के अलावा कुछ नहीं है।’’

ठाकुर ने दावा किया कि लोगों का भरोसा केवल भाजपा की प्रतिबद्धताओं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर है। उन्होंने भाजपा के घोषणापत्र को ऐतिहासिक करार देते हुए इसकी सराहना की और कहा कि यह भविष्य के भारत की नींव रखेगा।

ठाकुर ने कहा कि भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ वादों को पूरा करने की गारंटी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अपनी स्थापना के समय से ही अपने मूल्यों और प्रतिबद्धताओं पर कायम रही है और बहुमत मिलने के बाद एक के बाद एक अपने वादे पूरे किए हैं।