मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को बड़ी चेतावनी दी है… ट्रंप ने ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है, उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ईरान नहीं माना तो उसे तबाह कर दिया जाएगा।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि समय खत्म हो रहा है, उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि पहले ईरान को 10 दिन की मोहलत दी थी लेकिन अब सिर्फ 48 घंटे बचे हैं।

ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान ने अपने पावर प्लांट पर 7 दिन हमला नहीं करने का समय मांगा था, लेकिन उन्होंने इस समय सीमा को बढ़ाकर 10 दिन करने का फैसला किया था जो कि 6 अप्रैल को खत्म हो रही है।
ईरान का पलटवार
शनिवार को ट्रंप की चेतावनी के बाद ईरान के सैन्य जनरल अली अब्दुल्लाही अलीबादी ने इस धमकी को ‘बेवकूफाना’ बताया, उन्होंने ट्रंप पर पलटवार करते हुए कहा, ‘अब तुम्हारे लिए नरक के दरवाजे खुलेंगे।’

मिडिल ईस्ट में जारी यह जंग अब केवल सीमाओं तक सीमित नहीं रही बल्की इस युद्ध में दोनों पक्ष एक-दूसरे के आर्थिक और औद्योगिक केंद्रों को निशाना बना रहे हैं। बता दें कि अमेरिका और इजरायल ने ईरान के दक्षिण-पश्चिम में एक पेट्रोकेमिकल हब, सीमेंट प्लांट और व्यापारिक टर्मिनल पर हमला किया, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई।

