कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने किसानों से की 5वें दौर की बातचीत की पेशकश

कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने किसानों से की 5वें दौर की बातचीत की पेशकश

केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने किसानों से 5वें दौर की बातचीत की पेशकश करते हुए उनसे शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील की है।

भाजपा ने कहा कि किसानों का विकास केंद्र सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कृषि मंत्री ने किसानों से बातचीत की पेशकश की है।

उन्होंने कहा है कि चर्चा और संवाद से ही समाधान निकलेगा। सरकार खुले मन से चर्चा के लिए तैयार है। किसानों से हमारी अपील है कि शांतिपूर्ण तरीके से समाधान निकलना चाहिए।

प्रसाद ने कहा कि भाजपा-नीत केंद्र सरकार ने किसानों के लिए कितना काम किया है, यह कई बार बताया जा चुका है। किसानों का विकास हमारी बहुत बड़ी प्राथमिकता है और रहेगी।

एक दिन पहले प्रदर्शनरत किसानों ने सरकारी एजेंसियों द्वारा 5 साल तक दालें, मक्का और कपास न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने के केंद्र के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था और अपना आंदोलन जारी रखने की घोषणा की थी।

किसान नेताओं के साथ चौथे दौर की बातचीत में 3 केंद्रीय मंत्रियों की समिति ने रविवार को प्रस्ताव दिया था कि किसानों के साथ समझौता करने के बाद सरकारी एजेंसियां 5 साल तक दालें, मक्का और कपास MSP पर खरीदेंगी।

लेकिन, किसान नेताओं ने इस प्रस्ताव को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि यह किसानों के हित में नहीं है। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा ‘दिल्ली चलो’ मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं।

प्रदर्शनरत किसानों और हरियाणा पुलिसकर्मियों के बीच 13 फरवरी को अंबाला के समीप पंजाब-हरियाणा सीमा पर झड़प हुई थी।