हल्द्वानी हिंसा के बाद यूपी-उत्तराखंड सीमा पर पुलिस का सख्त पहरा

हल्द्वानी में हुई हिंसा के बाद उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सीमा पर पुलिस का सख्त पहरा हो चुका है। सीमा पर हाईवे और लिंक मार्गों पर पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है।

बरेली के बहेड़ी इलाके में गांव सतुईया के पास हाईवे पर उत्तराखंड से आने-जाने वाले वाहनों को सघन तलाशी के बाद ही जाने दिया गया। बता दें कि सीमा पर जहां सीओ व एएसपी डॉ तेजवीर सिंह ने खुद कमान संभाल रखी तो वहीं एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय ने देहात के सभी लिंक मार्गों का निरीक्षण भी किया।

गौरतलब हो कि बीते बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुए उपद्रव के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसको देखते हुए उत्तराखंड की सीमा से सटे इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है। एएसपी डॉ तेजवीर सिंह ने बताया कि सख्ती उन लिंक मार्गों पर भी की गई है, जो उत्तराखंड से जुड़ते हैं। अग्रिम आदेश तक इस अभियान को जारी रखा जाएगा।