आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन के चुनाव परिणाम के खिलाफ आज दिल्ली में कर रही है प्रदर्शन

आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन के चुनाव परिणाम के खिलाफ आज दिल्ली में कर रही है प्रदर्शन

आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन के चुनाव परिणाम के खिलाफ आज दिल्ली में प्रदर्शन कर रही है। हालांकि इससे पहले ही दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन को रोकने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग लगा दी है।

इसके साथ ही प्रदर्शन में शामिल होने वाले पंजाब और हरियाणा से आ रहे आप कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सिंघु व टीकरी बॉर्डर पर ही रोक लिया है।

इसके खिलाफ आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल से लेकर आतिशी सौरभ भारद्वाज व तमाम नेता अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं।

दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष रामनिवास गोयल और डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल को घर में नजरबंद रखा गया है।

दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को एक एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कथित धोखाधड़ी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ आप के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल और डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल को घर में नजरबंद कर दिया गया है।

टीकरी बार्डर पर भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है। हालांकि यहां पर आने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या काफी कम है।

पुलिसकर्मियों का कहना है कि किसी को भी रोका नहीं जा रहा है। ज्यादातर लोग बहादुरगढ़ से मेट्रो में सवार होकर दिल्ली पहुंच चुके हैं। उन्हें कैसे रोका जाए।

पुलिसकर्मियों का कहना है कि सिर्फ उन लोगों को रोका जा रहा है जो गाड़ी पर या तो झंडा लगाकर आ रहे हैं या उन्होंने गाड़ी पर कोई बैनर लगाया हुआ है।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि उसने सिंघु बॉर्डर पर 25 आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। वह सभी पार्टी के पंजाब और हरियाणा इकाई के कार्यकर्ता हैं।

पुलिस को शक है कि वह आज दिल्ली में होने वाले पार्टी के प्रदर्शन में भाग लेने जा रहे हैं। 25 के साथ ही कुछ अन्य कार्यकर्ताओं को भी रोका गया है। पुलिस ने साफ किया है कि जिन्हें भी हिरासत में लिया गया है, उन्हें वेरिफिकेशन के बाद बॉर्डर से आगे जाने दिया जाएगा।