उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरों के एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। स्वाट, सर्विलांस और कोतवाली नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन शातिर अपराधियों को ओबरी जंगल क्षेत्र के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में लखनऊ निवासी शैलेंद्र त्रिवेदी, सिद्धार्थनगर का गौतम शुक्ला और लखनऊ का ऋषि कौरी शामिल हैं। इन तीनों पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 100 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गौतम शुक्ला के खिलाफ 58, ऋषि कौरी पर 44 और शैलेंद्र त्रिवेदी पर 22 मामले दर्ज बताए गए हैं।
दिन में रैकी, रात में वारदात
SP के अनुसार गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। दिन के समय ये लोग अलग-अलग मोहल्लों में घूमकर रेकी करते और रात होते ही बंद घरों को निशाना बनाते। लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या और गोरखपुर समेत आसपास के जिलों में इनकी सक्रियता पाई गई है। बाराबंकी में लक्ष्मणपुरी कॉलोनी बड़ेल, सुभाष नगर, मोहम्मदपुर और मयूर विहार कॉलोनी में हुई कई चोरियों में इनका हाथ सामने आया है।
पुलिस ने बरामद किया कीमती सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 पायल, 4 बिछिया, 3 चांदी के सिक्के और 1.30 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई एक अर्टिगा कार, एक मोटरसाइकिल, दो देसी तमंचे (.12 बोर) और दो जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तारी से पहले जमानत की तैयारी
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए पहले से ही जमानत की तैयारी कर लेते थे। चोरी से पहले वे अपनी पत्नियों को पैसे दे देते थे, ताकि पकड़े जाने की स्थिति में तुरंत जमानत कराई जा सके।
पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और सटीक सूचना के आधार पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही चोरी की घटनाओं को लेकर चार अलग-अलग मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं।
दो आरोपी अभी भी फरार
पुलिस के मुताबिक गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी पहचान लखनऊ के रजत मिश्रा और सिद्धार्थनगर के रिंकू सोनी के रूप में हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
बाराबंकी पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।