मुंबई की एक आवासीय इमारत में आग लगने से 7 लोगों की मौत, 40 घायल

मुंबई के गोरेगांव इलाके में शुक्रवार तड़के एक आवासीय इमारत में आग लगने से दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक लोग घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर है। नगर निगम के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि सात मंजिला इमारत की छत और अन्य तलों से कम से कम 30 लोगों को बचाया गया और उन्हें सुरक्षित जगह पहुंचाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आग गोरेगांव पश्चिम में स्थित जय संदेश भवन में तड़के तीन बजे लगी। शुरू में अधिकारियों ने आग से प्रभावित भवन का नाम जय भवानी बताया था। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अभी ज्ञात नहीं है।

उन्होंने बताया कि आग से प्रभावित लोगों को जोगेश्वरी में एक ट्रॉमा सेंटर में और जुहू के कूपर अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि उनमें से दो बच्चों और दो महिलाओं सहित छह लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एक अन्य व्यक्ति की मौत उपचार के दौरान हो गई जिससे मृतक संख्या बढ़कर सात हो गई। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर है।