हिमाचल में कांग्रेस बिखरी नजर आ रही है, इसकी जिम्मेदार वो खुद- केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के बाद तेज हुई राजनीतिक सरगर्मी के बीच बुधवार को आरोप लगाया कि पर्वतीय राज्य में कांग्रेस बिखरी नजर आ रही है और इसकी जिम्मेदार वो खुद है। उन्होंने एक कार्यक्रम में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि जिनसे अपनी पार्टी नहीं संभल रही है, वह दूसरों पर ठीकरा फोड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हिमाचल में कांग्रेस विधायकों का अपनी ही सरकार से भरोसा उठ गया… है। कारण हैं… झूठे वादे, झूठी गारंटियां, आपसी अविश्वास, कथनी-करनी में अंतर, कमजोर व लचर नेतृत्व और जनता के बीच जाने में शर्मिंदगी।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘हिमाचल में कांग्रेस बिखरी नजर आ रही है, टूटी नज़र आ रही है और इसकी जिम्मेदार वो खुद है।’’

यह पूछे जाने पर क्या कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी, ठाकुर ने कहा, ‘‘आज देखिए क्या-क्या होता है, आपको सारे उत्तर मिल जाएंगे।’’