हरियाणा में नशाखोरी के खिलाफ चलाया गया बड़ा अभियान, 442 टीमों ने 1169 स्थानों पर मारा छापा, 100 गिरफ्तार

Anil Vij

हरियाणा सरकार ने नशे का बड़ा नेटवर्क तोड़ने के लिए प्रदेश में बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। नशाखोरी के खिलाफ मंगलवार को सुबह से शाम तक हरियाणा पुलिस का विशेष अभियान चलाया गया।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 100 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं , 98 आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गईं। यह जानकारी हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने दी।

उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार इस अभियान में 442 टीमों में शामिल 3315 पु्लिसकर्मियों ने 1169 जगहों पर छापेमारी की। इस छापेमारी में 3.515 किलोग्राम अफीम, 20.034 ग्राम स्मैक, 117.85 ग्राम हेरोइन, 13.911 किलोग्राम पॉपी हस्क, 35.590 किलोग्राम गांजा और 20 इंजेक्शन जब्त किए गए।

गृह मंत्री ने कहा कि प्रदेश से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए यह बड़ा अभियान चलाया गया। इस अभियान की रूपरेखा हाल ही में हुई विभाग की बैठक में तैयार कर ली गई थी और आज पुलिस द्वारा इस अभियान को अंजाम दिया।

अनिल विज ने कहा कि नशे की लत लगा कर युवाओं का जीवन बर्बाद करने वालों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का अभियान जारी रहेगा। ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।