हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए कई अहम फैसले, 8 अगस्त से शुरू होगा मानसून सत्र

हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 8 अगस्त से शुरू होगा। इस प्रस्ताव को गुरुवार को हरियाणा कैबिनेट की बैठक में स्वीकृति दी गई। बैठक में 11 एजेंडे रखे गए थे। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र की तिथि भी तय की गई है।

सत्र की अवधि का निर्णय हरियाणा विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी करेगी। सत्र के संबंध में अनुशंसा हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय व विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता को भेज दी जाएगी।

खेल मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि 2000 विशेष एसपीओ को एक वर्ष की अवधि के लिए या नियमित आधार पर नियुक्ति दी होगी।

वर्तमान में पुलिस विभाग में कांस्टेबल के कुल 11,664 पद रिक्त हैं। इस बीच, पुलिस विभाग को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से सीधी भर्ती से पुरुष कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) के 5000 पदों को भरने की अनुमति मिल गई है और यह प्रक्रियाधीन है।

हरियाणा राज्य सहकारी कृषि और ग्रामीण विकास बैंक लिमिटेड द्वारा डिबेंचर/ऋण की फ्लोटेशन के लिए एक हजार करोड़ रुपए की ब्लॉक गारंटी के नवीनीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

हरियाणा राज्य सूचना आयोग के ग्रुप ए और बी पदों के सेवा नियम बनाने के संबंध में एक प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इन नियमों को हरियाणा राज्य सूचना आयोग (ग्रुप-ए) सेवा नियम 2022 और हरियाणा राज्य सूचना आयोग (ग्रुप-बी) सेवा नियम 2022 कहा जाएगा।