हरियाणा: गणेश विसर्जन के दौरान महेंद्रगढ़ और सोनीपत में डूबने से 7 लोगों की मौत, सीएम ने जताया दुख

हरियाणा में गणपति विसर्जन के दौरान शुक्रवार को दो बड़े हादसे हुए है। महेंद्रगढ़ के गांव झगड़ोली में नहर में करीब 12 बच्चे व किशोर डूब गए, जिनमें चार की मौत हो गई। सोनीपत में यमुना के मीमारपुर और बेगा घाट पर किशोर समेत चार लोग डूब गए।

महेंद्रगढ़ क्षेत्र के गांव झगड़ोली की नहर में शहर के मोहल्ला ढाणी एवं मसानी चौक से श्रद्धालु प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे। शाम को साढ़े 5 बजे यह हादसा हुआ। सूचना मिलने के महज दस मिनट बाद ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमों के साथ-साथ आसपास के गांवों से युवाओं ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

महेंद्रगढ़ में शुक्रवार रात 8:30 बजे तक अस्पताल पहुंचाए गए चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन को हाई सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं अन्य बच्चे नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन हैं। देर रात तक नहर में सर्च अभियान चलाया जा रहा था।

उधर, सोनीपत में यमुना के मीमारपुर घाट पर पर डूबने वालों में सुंदर सांवरी निवासी सुनील (45), उनका बेटा कार्तिक (13) और भतीजा दीपक (20) शामिल हैं। वे अन्य श्रद्धालुओं के साथ मूर्ति विसर्जन करने के दौरान स्नान के लिए यमुना के अंदर चले गए। इसी दौरान वे तेज बहाव में डूब गए।

वहीं सीएम मनोहर लाल ने ट्वीट करते हुए कहा कि महेंद्रगढ़ और सोनीपत जिले में गणपति विसर्जन के दौरान नहर में डूबने से कई लोगों की असामयिक मृत्यु का समाचार हृदयविदारक है। इस कठिन समय में हम सभी मृतकों के परिजनों के साथ खड़े हैं। NDRF की टीम ने कई लोगों को डूबने से बचा लिया है, मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।