हरियाणा के भिवानी में नौकरी के नाम पर ठगी 8 लोगों के खिलाफ केस…

हरियाणा के भिवानी में फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 16.50 लाख रुपए हड़प लिए गए। गांव धनाना के 3 युवकों के साथ सिक्योरिटी राशि के नाम पर हुई इस हेराफेरी को लेकर थाना सदर भिवानी में 8 व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज हुआ है। पुलिस छानबीन कर रही है, अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

भिवानी के गांव धनाना निवासी रविंद्र, विक्रम व प्रदीप ने 7 फरवरी 2022 को SP को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने FCI में गोदाम सहायक (AG-III) के पद की भर्ती के लिए आवेदन किया था। सोनू व दीवान चंद निवासी दौलतपुर, फतेहाबाद और दर्शन निवासी रोहतक रोड न्यू कृष्णा कॉलोनी जींद ने इसके लिए उनसे सिक्योरिटी राशि की मांग की। सिक्योरिटी राशि 16.50 लाख रुपए जमा कराने के बाद उन्होंने तीनों को उक्त पद का अलॉटमेंट लेटर भी जारी किया गया।

3 महीने की ट्रेनिंग कराई

रविंद्र ने बताया कि इसके बाद वे फिरोजपुर (पंजाब) में FCI के मैनेजर पवन चड्डा के पास गए और उनके दस्तावेजों की प्रतिलिपि जमा कराई गई। उनके पहचान पत्र भी जारी किए गए। मैनेजर पवन चड्डा के पास ही 3 महीने के लिए उनकी ट्रेनिंग भी करवाई गई। इसके बाद 6 अगस्त 2021 को उक्त पद पर जॉइनिंग कराई गई। जॉइनिंग की प्रेजेंस के लिए 3 जुलाई 2021 को मेल भी प्राप्त हुई। 11 अक्टूबर 2021 तक उनको इस पद पर रखा गया। इसके 15 दिन बाद उनको FCI के हैड ऑफिस में बुलाया गया। वहां पर रावत शर्मा उर्फ रमन नाम के अधिकारी ने उनसे दस्तावेजों की प्रतिलिपि मांगी।