हरियाणा की 51 नगर पालिका और नगर परिषदों के 24 अप्रैल को होंगे चुनाव

हरियाणा में 24 अप्रैल को प्रदेश की 51 नगर पालिका और नगर परिषदों के चुनाव होंगे। इसके लिए हरियाणा के सभी जिला चुनाव अधिकारियों को तैयारियों के आदेश दे दिए गए हैं।

हरियाणा राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने बताया कि 5 जनवरी 2022 को चुनाव आयोग की वोटर लिस्ट के हिसाब से यह चुनाव करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव ईवीएम मशीन से होंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने इसके लिए चुनाव आयोग को अपनी सिफारिश कर दी है, जिसके बाद अब चुनाव अयोग इसकी तैयारियों में जुट गया है। उन्होंने जानकारी दी कि वह प्रदेश के उन सभी इलाकों का दौरा कर रहे हैं जहां नगर पालिका व नगर परिषदों के चुनाव होने हैं। 24 अप्रैल को होने वाले इन चुनावों का विस्तृत कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।