हमीरपुर: अनुराग ठाकुर ने जनसभा को किया संबोधित, कहा- पीएम मोदी के विजन और लोगों के सहयोग से नए युग का भारत बनेगा..

हमीरपुर में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम आजादी के 75 साल यानी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और लोगों के सहयोग से नए युग का भारत बनेगा। आगे बढ़ने के लिए भारत को विभाजित नहीं बल्कि एकजुट होना चाहिए। पीएम मोदी के सशक्त, दूरदर्शी और गतिशील नेतृत्व में भारत ने पिछले 8 वर्षों के दौरान विश्व पटल पर अपना पुराना गौरव और उच्च स्थान हासिल किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आज विश्व की पांचवीं सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है।


अनुराग ठाकुर ने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास में हमने कोई कमी नहीं रखी, अब इन चुनावों में जनता भी भाजपा को जिताने में कोई कमी न रखे।  सुजानपुर से अगर भाजपा के विधायक होते तो विकास की रफ्तार वर्तमान से कई गुणा अधिक होती। स्थानीय कांग्रेस विधायक पर तंज कसते हुए अनुराग ने कहा कि जो अपनी सरकार में कुछ नहीं करवा सके, वह वर्तमान में क्या करेंगे?

सुजानपुर के बाद भोरंज में आयोजित कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने कहा कि संसदीय क्षेत्र के तहत बिलासपुर में एम्स, ऊना में पीजीआई सैटेलाइट सेंटर और हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज बनाए गए। बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए तकनीकी विवि, उद्यानकी एवं बागवानी कॉलेज, हाईड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बिलासपुर, आईआईटी ऊना, केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा में खोले गए। धौलासिद्ध प्रोजेक्ट का कार्य भी शुरू दिया गया है।