मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा कांग्रेस के ‘अंदरूनी कलह’ को लेकर साधा निशाना

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि विपक्षी पार्टी कई सालों के बाद भी राज्य में एक पूर्ण संगठनात्मक ढांचा स्थापित नहीं कर पाई। उन्होंने इसके साथ ही दावा किया कि कांग्रेस में ‘अंदरूनी कलह’ है।

मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद में स्वच्छता अभियान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ पर भी निशाना साधा और कहा कि इसका न तो कोई चेहरा है और न ही विचारधारा।

पार्टी के ‘पन्ना प्रमुख सम्मेलन’ में खट्टर ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर से लेकर जमीनी स्तर तक भाजपा के ‘मजबूत संगठनात्मक ढांचे’ की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी से पहले गठित होने के बावजूद कांग्रेस हरियाणा में अपना मजबूत संगठनात्मक ढांचा नहीं बना पाई है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की स्थिति क्या है? हरियाणा में वे अपना संगठनात्मक ढांचा तक खड़ा नहीं कर पाए हैं। पिछले वर्षों में उन्होंने एक प्रदेश अध्यक्ष तो बना दिया लेकिन एक संगठनात्मक ढांचा स्थापित करने में विफल रहे। पिछले नौ वर्षों में उनकी राज्य इकाई में तीसरा प्रमुख नियुक्त किया गया है, लेकिन आज भी उनमें पार्टी का ढांचा खड़ा करने का साहस नहीं है।’’