पंजाब में अग्निपथ योजना की भर्ती को लेकर विवाद, सीएम भगवंत मान ने दिया ये बयान

पंजाब में अग्निपथ योजना के तहत भर्ती रैली को लेकर विवाद के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बयान दिया है। उन्होंने डिप्टी कमिश्नर को आदेश दिया है कि पंजाब में भर्ती रैलियों को लेकर अधिकारियों का सहयोग करें।

दरअसल सेना ने पंजाब सरकार से कहा था कि अग्निपथ योजना के तहत भर्ती के लिए स्थानीय प्रशासन का समर्थन नहीं मिल रहा है। ऐसे में या तो भर्तियों को स्थगित किया जाएगा या अन्य पड़ोसी राज्यों में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद भगवंत मान ने ट्वीट करके सफाई दी है।

सीएम मान ने कहा कि स्थानीय प्रशासन सेना के अधिकारियों का सहयोग करे। उन्होंने कहा कि कोशिश की जाएगी कि पंजाब से ज्यादा से ज्यादा युवा सेना में भर्ती हों।

बता दें कि जालंधर जोनल भर्ती अधिकारी मेजर नजरल शरद बिक्रम सिंह ने 8 सितंबर को पंजाब के मुख्य सचिव को पत्र लिखा था और कहा था कि भर्ती में स्थानीय प्रशासन का सहयोग नहीं मिल रहा है और सरकारी आदेश या फिर धन की कमी का हवाला दिया जा रहा है।