दिल्ली-NCR में मानसून ने दी दस्तक, मौसम हुआ सुहावना

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह मौसम ने करवट ले ली। गर्मी और उमस से परेशान दिल्लीवासियों का इंतजार खत्म हुआ और राजधानी झमाझम बरसात से भीग उठी। दिल्ली के कई इलाकों में जोरदार और कई जगह सुबह सवेरे ही हल्की बारिश हुई।

इसी के साथ बीते कुछ दिनों से गर्मी की मार झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली है। मालूम हो कि दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से गर्मी चरम पर थी और पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इससे परेशान होकर लोग बेसब्री से मानसून का इंतजार कर रहे थे।

मौसम विभाग ने बुधवार को अनुमान जताया था कि 30 जून से एक जुलाई के बीच दिल्ली एनसीआर में मानसून दस्तक दे देगा। बता दें कि दिल्ली में आज बारिश के साथ ही तेज हवाओं और आंधी के भी आसार हैं। उम्मीद है कि मानसून के आने से दिल्ली के अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी और यह करीब छह डिग्री सेल्सियस तक कम हो जाएगा। इससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।