दिल्ली, हरियाणा और पंजाब समेत उत्तर पश्चिम भारत में 4 दिनों तक छाया रहेगा कोहरा : IMD

fog

दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित उत्तर पश्चिमी भारत में चार दिनों तक कोहरा छाया रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, कोहरे के अलावा, दो दिनों तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में ठंड से लेकर भीषण ठंड की स्थिति बने रहने की संभावना है।

हालांकि, मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि 4 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने और उसके बाद गिरने की संभावना है।

मौसम विभाग ने आगे बताया कि एक और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में, 8-9 फरवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मध्यम वर्षा या बर्फबारी होने की संभावना है और इसी दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के उत्तरी हिस्सों में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश होने की भी संभावना है।

इस बीच, सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (सफर) ने एक मध्यम स्वास्थ्य सलाह जारी की है, जिसमें कहा गया है कि संवेदनशील लोगों को भारी परिश्रम और बाहर (आउटडोर) लंबे समय तक परिश्रम वाले काम से बचने की सलाह दी है।

इसमें कहा गया है, आम जनता के लिए वायु की गुणवत्ता का स्तर स्वीकार्य है, लेकिन संवेदनशील लोगों के लिए मध्यम स्तर पर स्वास्थ्य चिंता का विषय है।