खैरा की गिरफ्तारी पर हरदीप सिंह पुरी का विपक्षी गठबंधन पर तंज, कहा- ‘क्या यही है मोहब्बत की दुकान’

पंजाब के विधायक सुखपाल सिंह खैरा की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप के बीच केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को तंज कसते हुए कहा कि ‘यह उनकी मोहब्बत की दुकान है’ और यह साफ दिखाता है कि पंजाब और दिल्ली में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ बिखर रहा है।

कांग्रेस विधायक खैरा को पंजाब पुलिस ने 2015 के मादक पदार्थ तस्करी मामले में बृहस्पतिवार सुबह गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने पंजाब और दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा है।

कांग्रेस और आप दोनों विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ यानी ‘इंडिया’ के घटक दल हैं।

एक कार्यक्रम से इतर कांग्रेस नेता की गिरफ्तारी के बारे में पूछे जाने पर पुरी ने कहा, ‘‘यह कांग्रेस और आप की मोहब्बत की दुकान है। मैं इसमें हस्तक्षेप नहीं करना चाहता, लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं… यह पंजाब और दिल्ली में बिखर रहा आईएनडीआई गठबंधन है।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी अक्सर भाजपा की आलोचना करने के लिए ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने’ का उल्लेख करते रहे हैं।

इससे पहले आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के लिए प्रतिबद्ध है और वह इससे अलग नहीं होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘आप (पार्टी) इंडिया गठबंधन के लिए प्रतिबद्ध है। हम गठबंधन से अलग नहीं होंगे। हम गठबंधन धर्म को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’