किसानों का प्रदर्शन: दिल्ली-नोएडा सीमा पर लगा भारी जाम, बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात

दिल्ली-नोएडा सीमा पर बृहस्पतिवार को भारी यातायात जाम देखने को मिला, क्योंकि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में किसानों के व्यापक विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच के लिये पुलिस ने अवरोधक लगा दिए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

वाहन चालक मयूर विहार के पास दिल्ली-नोएडा लिंक रोड पर जाम में घंटों फंसे रहे। राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश की कोशिश कर रहे किसानों को रोकने के लिए पुलिसकर्मी विभिन्न उपकरणों के साथ वहां तैनात थे।

अधिकारियों ने बताया कि सीमा पर बुलडोजर, दंगा नियंत्रण वाहन और पानी की बौछार करने वाले वाहन तैनात रखे गए थे।

दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार डीएनडी, चिल्ला और गाजीपुर सीमाओं पर भी भारी जाम देखने को मिला।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कई किसान संगठन स्थानीय विकास प्राधिकरणों द्वारा अधिग्रहीत अपनी भूमि के बदले बढ़े हुए मुआवजे और विकसित भूखंडों की मांग को लेकर दिसंबर 2023 से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

किसान संगठनों ने अपनी मांग को लेकर दबाव बनाने के लिए बृहस्पतिवार को संसद मार्च करने का आह्वान किया था। हालांकि, उन्हें नोएडा में महामाया फ्लाईओवर के निकट रोक दिया गया।

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जरूरत पड़ी तो मयूर विहार के करीब लिंक रोड को पूरी तरह से अवरूद्ध कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल, उत्तर प्रदेश पुलिस उनसे (किसानों से) निपट रही है और उम्मीद है कि वे दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।’’

अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी दिल्ली के सरिता विहार में कालिंदी कुंज से होकर नोएडा की ओर जाने वाले कई वाहन जाम में फंस गए।