कांग्रेस के सत्ता में आने पर भ्रष्टाचार बढ़ता है: राजनाथ सिंह

 केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि जब भी कांग्रेस सत्ता में आती है तो भ्रष्टाचार बढ़ जाता है जबकि नरेन्द्र मोदी सरकार के 10 साल के शासनकाल में उनके खिलाफ अनियमितता का एक भी आरोप नहीं लगा।

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के गीदम में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद राज्य में कांग्रेस खत्म हो जाएगी और पार्टी अगले कुछ वर्षों में देश में ‘डायनासोर’ की तरह विलुप्त हो जाएगी।

उन्होंने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के विचार की वकालत करते हुए कहा कि इससे लोगों के समय के साथ-साथ देश के संसाधनों की भी बचत होगी।

सिंह ने कहा, ‘‘जब भी कांग्रेस सत्ता में आती है तो भ्रष्टाचार बढ़ जाता है। आजादी के बाद से, पार्टी जब भी शासन में रही, उसे भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना करना पड़ा। छत्तीसगढ़ में (2018 में) सत्ता में चुने जाने के बाद भी, उसने गाय-गोबर सहित कई घोटाले किए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी नरेन्द्र मोदी सरकार पर उंगली नहीं उठा सकता। केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है।’’

सिंह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की तारीफ करते हुए कहा कि लोग देखेंगे कि राज्य में नवनिर्वाचित भाजपा सरकार के तहत छत्तीसगढ़ कैसे तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। देश के विकास में छत्तीसगढ़ का विकास महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जंग लगे लोहे के टुकड़े की तरह है और यह रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के “घर” जैसा दिखने लगी है क्योंकि सभी नेता एक-दूसरे के कपड़े फाड़ने में व्यस्त हैं।