Wrestlers Protest: देर रात हुआ पहलवानों का धरना प्रदर्शन खत्म, बृजभूषण शरण सिंह जांच होने तक पद की जिम्मेदारियों से हटेंगे

रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों का धरना खत्म हो गया। ये धरना दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहा था। आपको बताए पहलवानों का तीन दिन से जारी धरना देर रात 1 बजे खत्म हो गया। ये फैसला खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और पहलवानों के बीच 7 घंटे चली मीटिंग के बाद लिया गया। अनुराग ठाकुर ने बताया एक जांच समिति का गठन किया जाएगा। यह 4 हफ्ते में अपनी रिपोर्ट देगी। इसके सदस्यों की घोषणा शनिवार को होगी। वहीं अनुराग ठाकुर ने आगे बताया कि जांच पूरी होने तक बृजभूषण सिंह फेडरेशन का काम नहीं देखेंगे। यह समिति ही WFI के कामकाज पर नजर रखेगी। बृजभूषण ने जांच में सहयोग करने का आश्वासन दिया है।

बता दें धरने पर बैठे पहलवानों में टोक्यो ओलिंपिक के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट बजरंग पुनिया, वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीतने वाली विनेश फोगाट जैसे धुरंधर शामिल थे। इन सभी की अगुवाई में देश के कई पहलवानों ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह पर मानसिक और यौन प्रताड़ना जैसे आरोप लगाए थे।