महिला IPL नीलामी: भारतीय खिलाड़ियों का रहा दबदबा, हरियाणा की बेटी शेफाली पर लगी 2 करोड़ की बोली

महिला IPL के पहले संस्करण के लिए आज मुंबई में खिलाड़ियों के लिए बोली लगाई जा रही है। इस बोली में भारतीय महिला खिलाडियों का दबदबा कायम रहा है। इस नीलामी में सबसे ज्यादा भारत की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 3.40 करोड़ रुपये में खरीदा है। तो वहीं 2.6 करोड़ में दीप्ती शर्मा को यूपी वॉरियर्स ने खरीदा है। बता दें कि भारत की स्टार खिलाड़ी शेफाली वर्मा को 2 करोड़ रुपये खर्च कर दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम में शामिल किया।

ICC T20 महिला विश्व कप: पाकिस्तान के खिलाफ 25 गेंदों में 33 रन जड़े

बता दें कि शेफाली वर्मा मौजूदा भारतीय महिला टीम का हिस्सा भी हैं और हाल ही में हुए U-19 महिला विश्व कप में भारत की कप्तान थी भारत ने शेफाली वर्मा की कप्तानी में U-19 महिला क्रिकेट विश्व कप का खिताब भी अपने नाम किया है। उन्होंने ICC महिला T20 2023 विश्व कप के भारत और पकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में 132 के स्ट्राइक रेट से 25 गेंदों में 33 रन बनाकर भारत को अच्छी शुरआत भी दिलवाई थी उनकी इस पारी में 4 चौके भी शामिल थे।

सचिन तेंदुलकर से प्रेरित होकर क्रिकेट खेलना किया शुरू

शेफाली वर्मा ने 8 साल की उम्र में भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर से प्रेरित होकर क्रिकेट की शुरुआत की। उनके पिता संजीव वर्मा भी क्रिकेट खेलते थे। उन्होंने बताया कि पहले महिला क्रिकेट नहीं था इसलिए शेफाली वर्मा ने लड़कों के साथ अभ्यास भी किया है।