Weather Alert: हिमाचल में 25 अगस्त तक हो सकती लैंड स्लाइड, यूपी में भारी बारिश की चेतावनी

देश के कई इलाकों में भारी बारिश हुई है और उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और झारखंड में जमकर बारिश हुई। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत 5 राज्यों में भारी बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड से 33 लोगों की मौत हुई, जबकि 17 लापता हैं।

हिमाचल प्रदेश में 22 लोगों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा तबाही मंडी, कांगड़ा और चंबा जिले में हुई है। वहीं, उत्तराखंड में 4 ने जान गंवाई। इसके अतिरिक्त ओडिशा में 4, जम्मू-कश्मीर में 2 और झारखंड में 1 की मौत हुई।

हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार रात से भारी बारिश हो रही है। कांगड़ा में चक्की खड्ड पर अंग्रेजों द्वारा बनाए गए रेलवे पुल के तीन पिलर पूरी तरह ढह गए। मंडी में भूस्खलन और बादल फटने से 16 लोग मलबे में दब गए। यहां 13 लोगों ने जान गंवाई। राज्य में 268 मार्गों पर आवाजाही ठप हो गई। आपदा प्रबंधन विभाग ने 25 अगस्त तक राज्य में भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण लैंड स्लाइड की चेतावनी जारी की है।

ओडिशा के उत्तरी हिस्से में शुक्रवार रात भारी बारिश होने के कारण कई नदियों में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। यूपी में आज भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बताया गया कि 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कई जगह बिजली गिरने की आशंका है।

मौसम विभाग के मुताबिक दो तरफ से उठने वाली हवाओं से बने नमी के दबाव के कारण पूरे राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लखनऊ, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती और अमेठी के अलावा फतेहपुर बांदा में रेड अलर्ट जारी की गई है।