कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव के लिए मतदान समाप्त, 96 फीसदी हुई वोटिंग

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे समाप्त हो गया। पार्टी में शीर्ष पद के लिए नतीजे बुधवार यानी 19 अक्टूबर को आएंगे। 37वें कांग्रेस अध्यक्ष के लिए दावेदारों में दो नाम हैं- शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे।

थरूर और खड़गे में से एक सोनिया गांधी की जगह लेगा जो वर्तमान में अंतरिम अध्यक्ष हैं। बता दें कि कांग्रेस में अध्क्ष पद के लिए दो दशक से अधिक समय के बाद चुनाव हुए हैं।

कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि आज 9,500 प्रतिनिधियों ने मतदान किया। कुल मिलाकर, सभी राज्यों में 96% मतदान हुआ। कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि 3 मतपेटियां प्राप्त हुई हैं। इसके अलावा, 87 लोगों ने एआईसीसी, दिल्ली में मतदान किया।

चुनाव के लिए मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ। गांधी परिवार के सदस्यों सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित कई कांग्रेस नेताओं ने थरूर या खड़गे को अगले पार्टी अध्यक्ष के रूप में चुनने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।