विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी बनेंगे नीतीश कुमार सरकार में डिप्टी CM

बिहार में राजनीतिक उठापटक के बीच नई सरकार बनने वाली है। जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने महागठबंधन से नाता तोड़ एनडीए में वापसी की है।

नीतीश कुमार ने राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर को अपना इस्तीफा सौंपा। बिहार में आज शाम शपथ लेने जा रही नई एनडीए सरकार का स्वरूप भी सामने आ गया है।

बता दें कि, बिहार भाजपा ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उप नेता चुना है। ये दोनों नई सरकार में उप मुख्यमंत्री होंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिहार में नए गठबंधन को अंतिम रूप देने के लिए आज शाम पटना पहुंचेंगे।  

नीतीश कुमार ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देते हुए कहा कि, उन्हें ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) और ‘महागठबंधन’ में ‘‘स्थिति ठीक नहीं लग रही थी’’ इसलिए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ नया गठबंधन और नई सरकार बनाने का निर्णय लिया।