UP Election2022: सपा और RLD उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी, देखिए किसे कहां से मिला टिकट

यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट आ गयी है। सपा ने ट्वीट कर ये जानकारी दी है। सपा ने उम्मीदवारों की लिस्ट ट्वीट करते हुए कहा कि, ‘समाजवादी पार्टी – राष्ट्रीय लोकदल का गठबंधन, उत्तर प्रदेश में लाएगा परिवर्तन” उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 हेतु प्रत्याशियों की प्रथम सूची।’

कुल 29 प्रत्याशियों की इस सूची में सपा के 10 और रालोद के 19 उम्मीदवार हैं। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए सपा ने रालोद, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, महान दल तथा प्रगतिशील समाजवादी पार्टी समेत कई दलों के साथ गठबंधन किया है।

कैराना से समजावादी पार्टी के नाहिद हसन को टिकट मिला है जबकि शामली से राष्ट्रीय लोकदल के प्रसन्न चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा मेरठ से सपा के रफीक अंसारी, बागपत से राष्ट्रीय लोकदल के अहमद हमीद और किठौर से सपा के शाहिद मंजूर को टिकट मिला है।

साहिबाबाद सीट से सपा ने अमरपाल शर्मा को कैंडिडेट बनाया है जबकि जेवर से राष्ट्रीय लोकदल ने अवतार सिंह भड़ाना पर अपना भरोसा जताया है। गठबंधन की तरफ से घोषित 29 उम्मीदवारों में से 10 उम्मीदवार समाजवादी पार्टी के जबकि 19 उम्मीदवार राष्ट्रीय लोकदल के हैं।