UP Election 2022: BJP ने जारी की 91 उम्मीदवारों की सूची,जानिए किन-किन दिग्गजों को मिला टिकट

BJP ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 91 प्रत्याशियों की 7वीं लिस्ट जारी की है। अब तक 295 प्रत्याशियों का ऐलान हो चुका है। नई लिस्ट में 13 मंत्री हैं। कुंडा से सिंधुजा मिश्रा को टिकट दिया गया है।

इस लिस्ट में 9 महिला प्रत्याशी हैं। महिलाओं में 4 ब्राह्मण, 4 SC और 1 ठाकुर वर्ग से हैं। इनके अलावा योगी के मीडिया सलाहकार शलभमणि को देवरिया से टिकट दिया गया है।

राज्यमंत्री श्रीराम चौहान की सीट बदल दी गई है। अब वह धनघटा की जगह खजनी विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा एक दिन पहले ही कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए प्रियंका गांधी के सलाहकार टीम के सदस्य और पूर्व सांसद राकेश सचान को भोगनीपुर से टिकट दिया गया है। इससे पहले भाजपा ने मंगलवार को 9 प्रत्याशियों का ऐलान किया था।

पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल को फिर से बहराइच सदर सीट से टिकट मिला है। इलाहाबाद दक्षिण से नंद कुमार नंदी को टिकट मिला है। जबकि इलाहाबाद पश्चिम से सिद्धार्थनाथ सिंह को टिकट दिया गया है। डुमरियागंज से राघवेंद्र प्रताप सिंह को उतारा गया है। राघवेंद्र हाल ही में भाजपा में आए आरपीएन सिंह के करीबी हैं।

अयोध्या से वेदप्रकाश गुप्ता, गोंडा से बृजभूषण शरण सिंह के बेटे प्रतीक भूषण को टिकट दिया गया है। वहीं, बहराइच में कैसरगंज सीट से सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा के बेटे गौरव वर्मा को उतारा गया है। यह सीट मुकुट की थी।