Up Election 2022 :अपना दल (एस) और निषाद पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी BJP, नड्डा ने कहा- यूपी में फिर एक बार, NDA 300 पार…

bjp up

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) अपने सहयोगियों, अपना दल (एस) और निषाद पार्टी के साथ मिलकर राज्य की 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

यह घोषणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बुधवार को अपना दल (एस) की नेता व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद की मौजूदगी में भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में की। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि कौन सा दल कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा NDA

इस दौरान नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा, अपना दल (एस) और निषाद पार्टी साथ मिलकर राज्य की 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में अपना दल (एस) और निषाद पार्टी के साथ विस्तार से चर्चा हुई और उसके बाद सीटों के तालमेल पर फैसला हुआ।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने विकास में एक नई छलांग लगाई है और प्रदेश के विकास को तेज गति दी है।

आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज – नड्डा

वहीं, बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि संपर्क, शिक्षा और निवेश के क्षेत्र में पिछले पांच साल के दौरान उत्तर प्रदेश में बहुत काम हुआ है और कानून व व्यवस्था की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा,”उत्तर प्रदेश में पांच साल पहले पलायन हो रहा था, गुंडागर्दी हो रही थी, अपहरण हो रहे थे, सरकार के सहयोग से माफिया पनप रहे थे। पिछले पांच साल में सभी अराजक चीजें समाप्त हो गई हैं। आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है।”

NDA की बैठक में मौजूद रहे ये दिग्गज

इस घोषणा से पहले भाजपा मुख्यालय में राजग नेताओं की एक बैठक हुई, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, अध्यक्ष जे पी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और केंद्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धमेंद्र प्रधान के अलावा अनुप्रिया पटेल और संजय निषाद भी मौजूद थे।