सबसे कम उम्र में सांसद बने ये 4 युवा, जो सिर्फ 25 साल की उम्र में बन गए सांसद

सबसे कम उम्र में सांसद बने ये 4 युवा, जो सिर्फ 25 साल की उम्र में बन गए सांसद

लोकसभा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। इस बार के चुनाव में कई राजनीतिक दिगग्जों को हार का सामना करना पड़ा है, तो वहीं इस बार कुछ युवा नेताओं ने भी जीत दर्ज की है।

इन नतीजों में 4 ऐसे उम्मीदवार रहे, जिन्होंने इस चुनाव में सबसे कम उम्र में जीत का परचम लहराया है। ये 4 युवा चेहरे अब लोकसभा में नजर आएंगे। इन सभी की उम्र महज 25 साल है।

ये 4 उम्मीदवार पुष्पेंद्र सरोज, प्रिया सरोज, शांभवी चौधरी और संजना जाटव हैं। पुष्पेंद्र सरोज और प्रिया सरोज ने समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा।

वहीं शांभवी चौधरी लोक जनशक्ति पार्टी और संजना जाटव ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। अब 18वीं लोकसभा में सबसे कम उम्र के सांसद बनने जा रहे हैं।

शांभवी चौधरी

लोकसभा में सबसे कम उम्र की महिला सांसद शांभवी चौधरी बनी है। उनकी उम्र महज 25 साल है। समस्तीपुर से शांभवी चौधरी ने कांग्रेस प्रत्याशी सन्नी हजारी को बड़े अंतर से हराया है।

शांभवी को 5 लाख से ज़्यादा वोट मिले, उन्होंने सन्नी को 1 लाख 87 हजार 251 वोटों से हराया। एनडीए से चुनाव लड़ने वाली शांभवी बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू नेता अशोक चौधरी की बेटी है।

वे तीसरी पीढ़ी की नेता है। शांभवी बिहार की रहने वाली है। शांभवी की शादी बिहार के चर्चित आइपीएस अधिकारी किशोर कुणाल के बेटे सायण कुणाल से हुई है।

शांभवी चौधरी की स्कूलिंग की बात की जाए तो नॉट्रेडम एकेडमी पटना से की है। उसने ग्रेजुएशन की पढ़ाई देश के जाने माने कॉलेज लेडी श्री राम कॉलेज और पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से की है। वहीं उन्होंने पीएचडी मगध यूनिवर्सिटी से की है।

संजना जाटव

कांग्रेस की संजना जाटव राजस्थान की भरतपुर लोकसभा सीट से जीती हैं। 25 साल की संजना ने बीजेपी के रामस्वरूप कोली को 51 हजार से अधिक वोटों से हराया है।

संजना को 5 लाख 79 हजार 890 वोट मिले। 2019 में भी उन्होंने चुनाव लड़ा था, लेकिन वो महज 409 वोटों से बीजेपी के रमेश खेड़ी से हार गईं थी। संजना के पति राजस्थान पुलिस में हैं।

पुष्पेंद्र सरोज

पुष्पेंद्र सरोज कौशाम्बी संसदीय सीट से SP उम्मीदवार के रूप में राजनीतिक युद्ध के मैदान में उतरे। उन्होंने मौजूदा और 2 बार के बीजेपी सांसद विनोद कुमार सोनकर को 1 लाख 3 हजार 944 वोटों के अंतर से हराया है।

5 लाख 9 हजार 787 वोट पाकर वे सबसे युवा सांसद के नामों में शुमार हो गए हैं। पुष्पेंद्र सरोज की उम्र 25 साल है। उनका जन्म 1 मार्च 1999 को हुआ था।

प्रिया सरोज

SP ने मछलीशहर सीट से प्रिया सरोज को टिकट दिया था, उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ा और 35850 वोटों से जीत गईं। उनका मुकाबला मौजूदा बीजेपी सांसद भोलानाथ से था।

प्रिया सरोज की उम्र सिर्फ 25 वर्ष है। प्रिया 3 बार के सांसद तूफानी सरोज की बेटी हैं। प्रिया को कुल वोट 4 लाख 51 हजार 292 वोट मिले और उन्होंने 35850 वोटों से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को हराया।

एलएलबी की डिग्री हासिल कर चुकीं प्रिया सरोज की स्कूली पढ़ाई दिल्ली के एयरफोर्स गोल्डन जुबिली इंस्टीट्यूट से हुई है। वो सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस भी कर चुकी हैं।