राज्य सरकार जल्द ही 100 और आम आदमी क्लीनिक जनता को करेगी समर्पित: मुख्यमंत्री मान

राज्य सरकार जल्द ही 100 और आम आदमी क्लीनिक जनता को करेगी समर्पित: मुख्यमंत्री मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज कहा कि राज्य सरकार पंजाब के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए जल्द ही 100 और आम आदमी क्लीनिक समर्पित करेगी।

मुख्यमंत्री ने आज यहां स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अब तक 664 आम आदमी क्लीनिक लोगों को समर्पित किये हैं, जहां 84 आवश्यक दवाएं और 40 से अधिक जांचें निःशुल्क उपलब्ध करायी जा रही हैं।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि आने वाले दिनों में 100 और क्लीनिक लोगों को समर्पित करके गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी क्लीनिक राज्य में स्वास्थ्य देखभाल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में वरदान साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों से अब तक 80 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन क्लीनिकों ने स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाया है, जिससे आम आदमी को काफी फायदा हुआ है।

एक अन्य मुद्दे पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से राज्य में नये मेडिकल कॉलेजों को चालू करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल बाद राज्य में मात्र तीन मेडिकल कॉलेज खुले हैं।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि आने वाले साल में राज्य में 5 और मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में राज्य के प्रत्येक जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आम आदमी को इसका लाभ मिल सके।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि इससे राज्य के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और चिकित्सा शिक्षा प्रदान करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब को देश में मेडिकल शिक्षा का केंद्र बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि लोगों को हर तरह से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र राज्य सरकार का प्रमुख क्षेत्र है।

इस नेक काम के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि सरकार राज्य के समग्र विकास और लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।