सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी करने वालों को हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी पंजाब से गिरफ्तार

सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी करने वालों को हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी पंजाब से गिरफ्तार

मुंबई में अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर हाल में हुई गोलीबारी के संबंध में मुंबई पुलिस ने वीरवार को पंजाब से 2 लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुभाष चंद्र (37) और अनुज थापन (32) ने 14 अप्रैल को गोलीबारी करने वालों को हथियार उपलब्ध कराए थे।

दोनों आरोपी लॉरैंस बिश्नोई गैंग के संपर्क में थे। अधिकारी ने कहा कि दोनों को अपराध शाखा की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें मुंबई ले जाया जा रहा है।

इस बीच, मुंबई की एक अदालत ने सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार 2 लोगों की पुलिस हिरासत 29 अप्रैल तक बढ़ा दी है।

बिहार के रहने वाले आरोपी विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) को उनकी पिछली हिरासत वीरवार को समाप्त होने के बाद मैट्रोपॉलिटन मैजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया।

गुप्ता और पाल 14 अप्रैल की सुबह बांद्रा में गैलेक्सी अपार्टमैंट में खान के आवास के बाहर गोलीबारी के बाद मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। आरोपियों को 16 अप्रैल को गुजरात के कच्छ जिले के माता नो मध गांव से पकड़ा गया था।