टेनिस दिग्गज राफेल नडाल बने पिता, पत्नी मारिया पेरेलो ने दिया बेटे को जन्म

36 साल के टेनिस दिग्गज राफेल नडाल पहली बार एक बेटे के पिता बन गए है।
स्पेनिश प्रेस ने शनिवार को जानकारी दी और बताया कि मारिया ने पॉमा के एक निजी क्लीनिक में नडाल के बच्चे को जन्म दिया है।

हालांकि नडाल या उनके परिवार की तरफ से अभी तक इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन स्पेन की ही मशहूर फुटबॉल क्लब रियल मेड्रिड ने भी देर रात इसकी पुष्टि कर दी।

रियल मेड्रिड ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से नडाल के पिता बनने की जानकारी देते हुए उन्हें बधाई दी। पोस्ट में लिखा था, “हमारे प्रिय मानद सदस्य राफेल नडाल और मारिया पेरेलो को उनके पहले बच्चे के जन्म के लिए बधाई। इस खुशी के पल को बांटने में हम आपके साथ हैं। शुभकामनाएं!”

बता दें कि शादी के करीब तीन साल बाद नडाल की पत्नी मारिया फ्रांसिस्का पेरेलो ने अपने पहले बच्चे को जन्म दिया है। नडाल और मारिया ने लंबे समय तक साथ रहने के बाद 2019 में शादी कर ली थी। इसके बाद इसी साल जून में टेनिस दिग्गज ने अपनी पत्नी के गर्भवती होने की जानकारी दी थी।