सुखबीर सिंह बादल ने उठाया SYL का मुद्दा, CM भगवंत मान से किया ये अनुरोध

Sukhbir-Singh-Badal

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि सतलुज-यमुना लिंक नहर (एसवाईएल) के मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान चुप्पी तोड़ें।

सुखबीर बादल ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि भगवंत मान को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को स्पष्ट कहना चाहिए कि वह एसवाईएल निर्माण और नदी का पानी दिल्ली और हरियाणा को देने के लिए बोलना बंद करें। उन्होंने कहा है कि इसी तरह दिल्ली सरकार को भी पंजाब के पानी से दूर ही रहना चाहिए। सुखबीर सिंह बादल ने आगे ट्वीट में कहा, “भगवंत मान की चुप्पी पंजाबवासियों के लिए चिंता का कारण है।”

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को सीएम मनोहर लाल ने कहा था कि पंजाब की आप सरकार को अब एसवाईएल निर्माण शुरू करवाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि पंजाब की नई सरकार की अब दोहरी जवाबदेही है क्योंकि हमने पंजाब से पानी लेना है और दिल्ली को पानी देना है। बता दें कि एसवाईएल को लेकर दोनों राज्यों के बीच यह विवाद पुराना है।