पंजाब में भ्रष्टाचार पर ताबड़तोड़ एक्शन, 288 सरकारी अफसरों पर कसा शिकंजा

पंजाब में भ्रष्टाचार पर ताबड़तोड़ एक्शन, 288 सरकारी अफसरों पर कसा शिकंजा

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए साल 2023 के दौरान 26 दिसंबर तक दर्ज किए गए कुल 251 ट्रैप लगाकर आपराधिक मामलें और आमदनी से अधिक जायदाद के मामलों में 288 सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों को गिरफ़्तार किया है.

गिरफ्तार किए गए लोगों में 66 पुलिसकर्मी और 44 राजस्व अधिकारी शामिल थे… विजिलेंस ब्यूरो के एक बयान में कहा गया है कि 7 राजनीतिक नेताओं और 70 सरकारी अधिकारियों पर भी मामला दर्ज किया गया है.

26 दिसंबर 2023 तक मिली 11,074 शिकायतें

बता दें कि 3 मार्च 2022 को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाईन की शुरुआत की गई थी. तब से लेकर 26 दिसंबर 2023 तक ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग्स समेत 11,074 शिकायतें उसके पास भेजी गई है. उसमें से 5740 शिकायतें उनके सबंधित विभागों को भेज दी गई है. इसके अलावा 630 शिकायतों को अलग-अलग विजिलेंस रेंजों को भेजा गया है, ताकि उन पर जांच के बाद कार्रवाई की जा सके.

124 FIR भी की गई दर्ज

विजिलेंस रेंजों की तरफ से शिकायतों पर जांच के बाद अब तक 124 FIR दर्ज करवाई है. इसमें 151 मुलाजिमों को गिरफ्तार भी किया गया और जमानत भी दी गई. इसके अलावा विजिलेंस ब्यूरो फ्लाइंग स्क्वायड रेंज पंजाब ने राज्य को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप में कई राजनेताओं, गजेटेड ऑफिसरों और पुलिस अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किए हैं.