समोसों में मिले पत्थर, कंडोम और गुटखा, जांच हुई तो पता चला असली कारण

समोसों में मिले पत्थर, कंडोम और गुटखा, जांच हुई तो पता चला असली कारण

समोसा एक ऐसी डिश का नाम है, जिसे सुनते ही मुंह में पानी आने लगता है। भारत में अधिकतर जगहों पर आपको समोसे बिकते हुए मिल ही जाएंगे।

लेकिन महाराष्ट्र के पुणे से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जिसे सुनकर आप अपना माथा पीट लेंगे। पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ इलाके में एक ऑटोमोबाइल कंपनी में सप्लाई किए गए समोसे में आलू की जगह कंडोम, गुटखा और पत्थर पाए गये हैं।

यह बात अब पुलिस तक पहुंच गई है। इस घटना के बाद 5 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, उनमें सबकॉन्ट्रैक्टिंग फर्म के 2 कर्मचारी भी शामिल हैं, जिन्हें समोसे की सप्लाई करने के लिए कहा गया था।

बाकी 3 आरोपी भी ऐसी ही एक फर्म के पार्टनर थे, जिन्हें पहले मिलावट के आरोप में हटा दिया गया था। इन तीनों ने बिजनेस की दुश्मनी में यह साजिश रची।

पुलिस की जांच से पता चला है कि, कंपनी को समोसा सप्लाई करने का ठेका रद्द होने के बाद नाराज ठेकेदार ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर समोसे में कंडोम, गुटखा और पत्थर मिलाकर समोसे के नए सप्लायर की छवि खराब करने की साजिश रची थी।

चिखली थाने के पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर काटकर ने इस बात की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि ऑटोमोबाइल कंपनी की कैंटीन में खाना सप्लाई होता है।

कंपनी ने कैंटीन में समोसा सप्लाई करने के लिए किसी दूसरे ठेकेदार को ठेका दिया था। जिसके बाद ऑटो कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने खाने को लेकर शिकायत की।

कर्मचारियों ने बताया की समोसे में कंडोम, गुटखा और पत्थर पाए गए हैं। इस शिकायत के बाद पुलिस मामला दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

जिन 5 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है उनमें एसआर इंटरप्राइजेज के मालिक रहीम शेख, अजहर शेख, मजहर शेख, कर्मचारी फिरोज शेख और विक्की शेख शामिल है। चिखली पुलिस स्टेशन में सीआरपीसी की धारा 328, 120बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।