भारत से करारी शिकस्त से गुस्साए श्रीलंका के खेल मंत्री, पूरे क्रिकेट बोर्ड को किया बर्खास्त

विश्व कप 2023 में भारत से श्रीलंका को मिली शर्मनाक हार के बाद श्रीलंका के खेल मंत्री रोशन रणसिंघे इतना गुस्सा हो गए कि उन्होंने श्रीलंका के पूरे राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड को ही बर्खास्त कर दिया।

बता दें कि खेल मंत्री रणसिंघे और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के बीच भ्रष्टाचार के मामले को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है।

खेल मंत्री के कार्यालय द्वारा दिए गए बयान के अनुसार 1996 विश्व कप विजेता कप्तान अर्जुन रणतुंगा को नए अंतरिम बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। साथ ही बयान के अनुसार, खेल मंत्री रोशन रणसिंघे ने श्रीलंका क्रिकेट के लिए अंतरिम समिति का गठन किया है।

बता दें कि नए सात सदस्यीय पैनल में सुप्रीम कोर्ट के एक रिटायर्ड जज और बोर्ड के एक पूर्व अध्यक्ष भी शामिल हैं। यह कदम बोर्ड के दूसरे सबसे बड़े अधिकारी सचिव मोहन डी सिल्वा के इस्तीफा देने के एक दिन बाद उठाया गया है।

भारत द्वारा दिए गए 358 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की पूरी टीम महज 55 रन पर ही सिमट गई थी, जो विश्व कप के इतिहास में चौथा सबसे कम स्कोर है।