हिमाचल के 6 जिलों में बर्फबारी:सैलानियों, प्रदेश वासियों, किसानों, बागवानों को नववर्ष का तोहफा

हिमाचल के पहाड़ नववर्ष से पहले बर्फ की सफेद चादर में लिपट गए हैं। प्रदेश के 6 जिलों में ताजा बर्फबारी हुई है। अन्य क्षेत्रों में बारिश ने भी 2 माह लंबा ड्राई स्पेल तोड़ते हुए राहत प्रदान की है।

न्यू ईयर से पहले बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। सैलानियों की बर्फ का दीदार करने की हसरत भी पूरी हुई। बर्फबारी की खबरों के बाद देशभर से खासकर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली से बड़ी संख्या में पर्यटक प्रदेश की पर्यटन सैरगाहों का रुख करने लगे हैं।
राज्य के किसानों-बागवानों के लिए भी यह बर्फबारी संजीवनी का काम करेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, कुल्लू के रोहतांग टॉप पर सबसे ज्यादा 18 इंच और अटल टनल पर 17 इंच ताजा बर्फबारी हुई। जलोड़ी जोत में 12 इंच, चंबा के पांगी में 6 इंच, भटियात में 5 इंच, किलाड़ में 4 इंच ताजा बर्फ गिरी।
राज्य के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद सड़कें बेहद खतरनाक हो गई हैं। खासकर रात में मौसम साफ रहने से सड़कों पर बर्फ का शीशा जम गया है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने सावधानीपूर्वक गाड़ी चलाने की एडवाइजरी जारी की।

खासकर शिमला के कुफरी, नारकंडा, चौपाल के खिड़की, पांगी, भरमौर, रोहतांग इत्यादि क्षेत्रों में संभलकर गाड़ी चलानी होगी। जरा-सी लापरवारही और तेज रफ्तार जोखिम में डाल सकती है।