आरसीबी पहली बार डब्ल्यूपीएल फाइनल में, स्पिन तिकड़ी ने मुंबई इंडियंस से छीनी जीत

आरसीबी पहली बार डब्ल्यूपीएल फाइनल में, स्पिन तिकड़ी ने मुंबई इंडियंस से छीनी जीत

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने युवा आफ स्पिनर श्रेयांका पाटिल और अनुभवी लेग स्पिनर आशा शोभना के आखिरी ओवरों में जबर्दस्त प्रदर्शन के दम पर मुंबई इंडियंस को एलिमिनेटर मुकाबले में शिकस्त दे दी।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने डिफेंडिंग चैम्पियन मुंबई इंडियंस को बेहद रोमांचक एलिमिनेटर में 5 रन से हराकर पहली बार महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

डब्ल्यूपीएल 2024 के फाइनल में आरसीबी का सामना रविवार को पिछले साल की उपविजेता टीम दिल्ली कैपिटल्स से होगा।

मुंबई इंडियंस को जीत के लिए 136 रन का आसान लक्ष्य मिला था, लेकिन टीम 6 विकेट पर 130 रन ही बना सकी। 21 वर्ष की श्रेयांका ने 18वें ओवर में मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत (33) को आउट किया और यह मैच का निर्णायक मोड़ साबित हुआ।

आरसीबी की विकेटकीपर रिचा घोष ने हरमनप्रीत को स्टम्प आउट करने में चूक की। लेकिन श्रेयांका ने अगली गेंद पर उन्हें कैच आउट करा दिया।

इस समय मुंबई को 2 ओवर में 16 रन चाहिए थे। आस्ट्रेलिया की सोफी मोलिनू ने बेहतरीन 19वां ओवर डाला जिसमें 4 ही रन बने। अब मुंबई को आखिरी ओवर में 12 रन चाहिए थे। लेकिन लेग स्पिनर शोभना ने इसमें 6 ही रन दिए।

इससे पहले आरसीबी के लिए एलिसे पैरी ने 66 रन की शानदार पारी खेली थी और टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था। पैरी के आलावा आरसीबी की सभी बल्लेबाज रन बनाने में नाकाम रही। टीम 6 विकेट पर 135 रन ही बना सकी।

पैरी ने 50 गेंद में 66 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से साथ नहीं मिल सका। मुंबई के गेंदबाजों ने पावरप्ले के 4 ओवरों के भीतर आरसीबी के 24 रन पर ही 3 विकेट गिरा दिए थे।

मुंबई के लिए हेली मैथ्यूज ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए। उन्होंने सोफी डेवाइन को सबसे पहले पवेलियन भेजा।

कप्तान स्मृति मंधाना (10) को नेट स्किवेर ब्रंट ने आउट किया, जबकि दिशा कसात (0) ने बायें हाथ की स्पिनर साइका इशाक की गेंद पर पूजा वस्त्राकर को कैच थमाया। इशाक ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए।

मैथ्यूज ने दूसरा विकेट रिचा घोष के रूप में लिया जिन्होंने एक छक्का लगाया लेकिन टिककर नहीं खेल सकी।

पैरी ने कुछ अच्छे चौके और इशाक को एक छक्का लगाया। इसके अलावा शबनम इस्माइल को शॉर्ट थर्डमैन पर चौका जड़ा। वह दूसरे छोर से विकेटों का गिरना देखती रही।

आखिर में जॉर्जिया वेयरहैम ने 10 गेंद में नाबाद 18 रन बनाए। इशाक को आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर वह टीम को 130 रन के पार ले गई।