राम नवमी : ‘सूर्य तिलक’ से जगमगा उठा भगवान राम लला का मस्तक, 3 मिनट तक माथे पर पड़ी रोशनी

राम नवमी : 'सूर्य तिलक' से जगमगा उठा भगवान राम लला का मस्तक, 3 मिनट तक माथे पर पड़ी रोशनी

रामनवमी के पावन अवसर पर अयोध्या में राम मंदिर में भगवान राम लला का सूर्य तिलक हुआ। राम मंदिर में दर्पण और लेंस से जुड़ी एक विस्तृत प्रणाली के माध्यम से दोपहर 12 बजे राम लला का “सूर्य तिलक” किया गया। यह ठीक दोपहर 12 बजे करीब 3 मिनट तक किया गया।

अयोध्या में धूमधाम से मनाई जा रही रामनवमी

बता दें कि 22 जनवरी को अयोध्या में पीएम मोदी द्वारा भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहली रामनवमी है. राम जन्मभूमि मंदिर में 56 प्रकार के भोग, प्रसाद और पंजीरी के साथ रामनवमी धूमधाम से मनाई जा रही है। इससे पहले, राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने बताया कि सब कुछ सजा दिया गया है और भगवान राम की मूर्ति को दिन के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है, “उन्हें पीले कपड़े पहनाए गए हैं, और इसके बाद उन्हें पंचामृत से स्नान कराया गया है।” चार-पांच तरह की पंजीरी बनाई जाती हैं और इसके साथ ही भगवान को 56 तरह का भोग लगाया जाता है।

लाखों की संख्या में पहुंचे लोग

आस्था और उत्सव का जीवंत प्रदर्शन करते हुए बुधवार की सुबह बड़ी संख्या में भक्त राम मंदिर पहुंचे। मंदिर में दर्शन करने से पहले भक्तों ने सरयू नदी के पवित्र जल में डुबकी लगाई। मंदिर में दर्शन सुबह 3:30 बजे से शुरू हो गए थे। इस उत्सव का प्रसारण पूरे शहर में लगभग 100 एलईडी स्क्रीन पर किया गया। इसे ट्रस्ट के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी प्रसारित किया गया।