हरियाणा के 12 जिलों में बारिश और तूफान का अलर्ट, 10 जिलों में हीटवेव की चेतावनी

हरियाणा के 12 जिलों में बारिश और तूफान का अलर्ट, 10 जिलों में हीटवेव की चेतावनी

एमएच वन ब्यूरो, चंडीगढ़ : मौसम विभाग ने एक बार फिर से हरियाणा में बारिश और तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चंडीगढ़ मौसम विभाग ने हरियाणा के 12 जिलों, जिनमें हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, करनाल, यमुनानगर, सोनीपत, जींद, पानीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। बारिश के दौरान इन जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। इसके अलावा शेष 10 जिलों में हीटवेट की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग ने 6 और 7 जून को कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना व्यक्त की है। मौसम में होने वाले इस बदलाव के बाद लोगों को पिछले कईं दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी से कुछ राहत जरूर महसूस होगी।

30 जून तक कर सकता है हरियाणा में प्रवेश

मौसम विभाग की माने तो 15 जून तक मानसून पूरे महाराष्ट्र को कवर कर लेगा। इसके बाद 25 जून तक मध्यप्रदेश और गुजरात से होता हुआ 30 जून तक दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में प्रवेश करेगा। इसके बाद होने वाली झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिले पाएगी। यानि की हरियाणा-एनसीआर के लोगों को मानसून की बारिश के लिए मात्र 25 दिनों का इंतज़ार शेष है जिसके बाद मानसून की फुहारों में भीगने के लिए आप तैयार हो जाइए।

मानसून से पहले बारिश

हरियाणा में भले ही मानसून के आने में अभी 25 दिन का समय शेष है, लेकिन हरियाणा के लोगों को बारिश के लिए 25 दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि हरियाणा और राजधानी दिल्ली के मौसम में बदलाव आने वाला है। एक और पश्चिमि विक्षोभ सक्रिय होने के कारण हरियाणा के कईं जिलों में आज और कल भी बारिश के आसार है।

हालांकि 5 जून को भी हरियाणा के कईं जिलों में बारिश होने से मौसम में बदलाव हुआ है। आज यानि 6 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी-दादरी, रोहतक, जींद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला और चंडीगढ़ में तेज़ हवाओं के साथ रिमझिम बारिश की संभावना है। इसके अलावा 7 जून को भी सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी-दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और गुरुग्राम में तेज़ हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।